चिंतपूर्णी : चिंतपूर्णी के नजदीक शीतला मंदिर के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे जगराओं से आए श्रद्धालुओं का महिंद्रा पिकअप ट्राला पलट कर खाई में जा गिरा। ट्राले में बच्चों सहित करीब 25 लोग सवार थे। श्रद्धालु चिंतपूर्णी-शीतला मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वाला जी के लिए जा रहे थे। हादसे में करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं। ट्राले में छोटे बच्चे भी थे, जिनको खरोंच तक नहीं आई। हादसे के बाद गांव के लोगों ने 108 एम्बुलैंस सेवा को इसकी सूचना दी। इसके बाद चिंतपूर्णी, दौलतपुर और डाडासीबा से 3 एम्बुलैंस मौके पर पहुंच गईं। गांव के लोगों ने खाई में उतर घायल हुए श्रद्धालुओं को निकाला व एम्बुलैंस के माध्यम से तुरन्त चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि जांच जारी है लेकिन दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक के अनुसार हादसा सड़क तंग होने के कारण विपरीत दिशा से आ रही कार को पास देने के दौरान जमीन धंसने से हुआ। चिंतपूर्णी अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने बताया कि एक दर्जन के करीब श्रद्धालुओं को गहरी चोट लगी है। तीन को फ्रैक्चर भी हुए हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।










