हिमाचल : दो पेज का सुसाइड नोट लिखकर युवक ने फंदा लगा कर ली आत्‍महत्‍या,जाने पूरा मामला

Spaka News

जिला मंडी के लडभड़ोल क्षेत्र की पंचायत भड़ोल के गांव नागर खोला में एक युवक दो पेज का सुसाइड नोट लिखकर फंदे से झूल गया। युवक ने आत्महत्या करने के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराया है। शव की शिनाख्‍त 35 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र दलीप सिंह के रूप में हुई है। रविवार को मनोज घर पर अकेला था। उसकी माता विमला देवी ने सोमवार सुबह उसे फोन किए। लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद युवक की मां ने पड़ोसियों को फोन करके घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो उनके आवाज लगाने पर भी मनोज ने दरवाजा नहीं खोला।

इसके बाद वार्ड नंबर-5 ग्वाला के पंच शेर सिंह को इसकी जानकारी दी गई। पंच शेर सिंह ने पुलिस लडभड़ोल और उपप्रधान लडभड़ोल रणजीत सिंह को बताया। पुलिस चौकी प्रभारी मुंशी राम ने दरवाजा खोला तो सामने युवक फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने मां के पहुंचने पर युवक के शव को कब्जे में लिया।

डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी ने बताया मृतक युवक के कमरे से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिस पर युवक द्वारा खुद अपनी मर्जी से खुदकुशी करने की बात लिखी है व इसके लिए किसी को भी जिम्‍मेवार नहीं ठहराया है। उन्होंने कहा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुसाइड नोट की लिखावट की जांच भी पुलिस करवाएगी।


Spaka News