हिमाचल बना देश का पहला एलपीजी युक्त और धुआं मुक्त राज्य

Spaka News

केंद्र सरकार की उज्ज्वला और प्रदेश सरकार की गृहिणी सुविधा योजना की बदौलत हिमाचल प्रदेश देश का पहला एलपीजी युक्त और धुआं मुक्त राज्य बन गया है।

धुएं से होने वाली बीमारियों से महिलाओं को निजात दिलाने के लिए केंद्र ने उज्ज्वला योजना की शुरूआत की थी। इसके साथ ही हिमाचल सरकार ने भी योजना के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए गृहिणी सुविधा योजना की शुरूआत की।

केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के तहत 21.81 करोड़ रुपए की लागत से हिमाचल में 1.36 लाख नि:शुल्क घरेलू कनैक्शन दिए गए, जबकि हिमाचल सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपए खर्च कर 3.23 लाख गृहिणियों को मुफ्त गैस सिलैंडर दिए गए। केंद्र और प्रदेश सरकार के कारण आज प्रदेश की महिलाओं को खाना बनाते समय चूल्हे के धुएं से छुटकारा मिला है, साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यान्वित की जा रही इस योजना के तहत गैस कनैक्शन रहित परिवारों को एलपीजी कनैक्शन नि:शुल्क वितरित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना की शुरूआत 26 मई, 2018 को हुई। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना को शुरू करने का उद्देश्य उन परिवारों को नि:शुल्क गैस कनैक्शन प्रदान करना था, जो केंद्र की उज्ज्वला योजना के दायरे में नहीं आए थे। केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही उज्ज्वला योजना और प्रदेश की सरकार की मुख्यमंत्री गृहिणी योजना हिमाचल की महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *