सुंदरनगर : सुंदरनगर की ग्राम पंचायत कपाही के डोढ़वां गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि बीती देर रात सुंदरनगर-लेदा सड़़क मार्ग पर किसी वाहन द्वारा टक्कर लगने से युवक की मौत हुई है। इसे लेकर पुलिस अभी पुख्ता सबूत जुटा रही है। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार और पुलिस थाना की टीम द्वारा जांच की जा रही है, लेकिन अभी यह पता नहीं चल पाया है कि युवक की मौत वाहन द्वारा टक्कर लगने से हुई है। मामले में फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम द्वारा भी मौके पर जांच अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस थाना सुंदरनगर में फोन के माध्यम से ग्राम पंचायत कपाही में सुंदरनगर-लेदा मार्ग पर डोढ़वां में सड़क किनारे युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक की किसी वाहन द्वारा टक्कर लगने से मौत होना पाया जा रहा है, लेकिन अभी मौत के असली कारणों का खुलासा फोरेसिंक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। मृतक की शिनाख्त सुंदरनगर की ग्राम पंचायत कलौहड़ के गांव देरडु निवासी 35 वर्षीय मुंशीराम के तौर पर हुई है। वह मजदूरी का कार्य करता था और डेढ वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी।
डीएसपी दिनेश कुमार ने कहा कि मंगलवार सुबह पुलिस थाना सुंदरनगर में सुंदरनगर-लेदा सड़क मार्ग पर डोढ़वां में सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम द्वारा भी जांच की जा रही है।










