मंदिर जा रही महिला की जेसीबी के टायर के नीचे आने से गई जान

Spaka News

पुलिस थाना घुमारवीं के तहत निहारी-बरठीं मार्ग पर सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घुमारवीं उपमंडल के कस्बा निहारी में शनिवार सुबह एक महिला की जेसीबी के टायर के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त महिला की पहचान भपराल पंचायत के गांव बड़ोंग की रेखा देवी (43) के रूप में हुई है। पति राकेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी रेखा देवी अपने परिजन के साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी, तभी निहारी के पास ये दर्दनाक हादसा उस समय पेश आया जब वह जेसीबी से पास ले रहे थे। तंग मोड़ होनेेे के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई तथा महिला सड़क पर गिर गई और जेसीबी के टायर के नीचे आने से महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों के बयान कलमबंद किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल लाया गया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया। उधर प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर तत्काल महिला के पति राकेश कुमार को ₹20,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की । महिला के पति राकेश कुमार ने बताया कि उसके चार बेटियां तथा दो बेटे हैं । डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *