हिमाचल चुनाव: हिमाचल की 14वीं विधानसभा में एकमात्र महिला विधायक होंगी रीना कश्यप, सरवीन, आशा, रीता धीमान हारीं…………..

Spaka News

हिमाचल प्रदेश में इस विधानसभा चुनाव में 412 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें से 24 महिला प्रत्याशी थीं। प्रदेश में इस बार सिर्फ एक महिला पच्छाद से भाजपा की रीना कश्यप चुनकर विधानसभा पहुंची हैं। वहीं, तीन निर्दलीयों ने भी जीत का परचम लहराया है। 2017 के चुनाव में चार महिलाएं जीतकर विधानसभा पहुंची थीं। इंदौरा सीट से रीता देवी, भोरंज से कमलेश कुमारी, शाहपुर से सरवीण चौधरी, डलहौजी से आशा कुमारी जीती थीं। वहीं, दूसरी तरफ 2019 में पच्छाद में हुए उपचुनाव में रीना कश्यप को भाजपा ने पहली बार पार्टी का टिकट दिया और वह जीत दर्ज कर विधानसभा में पहुंची।

हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के गृह विधानसभा क्षेत्र पच्छाद में इस बार भाजपा व कांग्रेस की दो महिला प्रत्याशियों की राह में निर्दलीय उम्मीदवार गंगूराम मुसाफिर थे। भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप को 21215 वोट मिले और कांग्रेस प्रत्याशी दयाल प्यारी को 17358 वोट मिले। रीना कश्यप ने 3857 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। पिछले कई वर्षों में यह पहला मौका है जब विधानसभा चुनाव में केवल एक महिला को ही जीत नसीब हुई है। 13वीं विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या 5 थी। इसमें चार भाजपा और एक कांग्रेस की विधायक थीं।  


Spaka News