ऊना : बसाल में महिला की हत्या के मामले को ऊना पुलिस ने महज 4 दिनों में ही सुलझा लिया है और हत्यारोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ के पास सुल्तानपुर से गिरफ्तार कर ऊना लाया गया है। आरोपी की पहचान जतिन निवासी नजदीक लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल कल्याणपुरी दिल्ली के रूप में हुई है, जोकि पेशे से ड्राइवर है। आरोपी के साथ रेणू (मृतका) कई वर्षों तक लिव इन रिलेशनशिप में रही थी और अब अनबन होने पर कुछ समय से अलग रह रही थी। लिव इन रिलेशनशिप के दौरान हुए बच्चे को लेकर हत्या को अंजाम दिया गया है।
ऊना में पत्रकार वार्ता करते हुए एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि बसाल में 4 दिन पहले 26 सितम्बर को उक्त महिला की लाश मिली थी, जिसे तेजधार हथियार से गोदा गया था। जांच के दौरान एएसआई कुलदीप पर आधारित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी रेणू का वर्ष 2013 में यूपी निवासी राजू से विवाह हुआ था, जिसके बाद इन दोनों का एक बच्चा हुआ। वर्ष 2019 में दोनों में अनबन हो गई और दोनों अलग रहने लगे। राजू अपने बच्चे को साथ ले गया।
इसके बाद 2019 में ही फेसबुक पर रेणू की पहचान जतिन से हुई और दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे, जिसके बाद इन दोनों का भी एक बच्चा पैदा हुआ। कुछ माह पहले इन दोनों में भी अनबन हो गई और दोनों अलग हो गए। इसके बाद रेणू अपने चाचा के मार्फत बसाल में किराए के कमरे में रहने लगी और एक उद्योग में काम करने लगी। इसी बीच 25 सितम्बर को जतिन रेणू के पास पहुंचा और अपने बच्चे के बारे में पूछने लगा। अपने बच्चे को न पाकर उसने तैश में आकर तेजधार हथियार से रेणू का कत्ल कर दिया और स्वयं फरार हो गया।










