जय माता दी बोल श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में हवन कुंड में कूदा श्रद्धालु

Spaka News

कांगड़ा: शारदीय नवरात्र की अष्टमी के दिन बुधवार यानी आज कांगड़ा स्थित मां श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के हवन कुंड में एक श्रद्धालु ने छलांग लगा दी। श्रद्धालु के हवन कुंड में गिरते ही वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और पुजारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अष्टमी के कारण मां श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में सुबह ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। हवन कुंड में भी श्रद्धालु बारी-बारी आहुति डाल रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालु ने हवन कुंड में छलांग लगा दी। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया श्रद्धालु कहां से आया, इसकी कुछ जानकारी नहीं है। मगर हवन कुंड के पास जब पहुंचा तो जय माता दी करते-करते हुए हवन कुंड में छलांग लगा दी। मंदिर के कर्मचारियों व पुजारियों ने उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। जब उसे बाहर निकाला तो वह काफी झुलस गया था। उसे मंदिर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने कांगड़ा के उप मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु की हालत गंभीर बनी हुई है और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

थाना प्रभारी कांगड़ा भारत भूषण ने बताया मंदिर से उन्हें श्रद्धालु के हवन कुंड में गिरने की जानकारी मिली जिसे पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने कांगड़ा पुलिस स्टेशन से पुलिसकर्मियों व गाड़ी को भेज दिया। मंदिर अधिकारी दलजीत शर्मा ने बताया श्रद्धालु के हवन कुंड में गिरने की जानकारी तो मिली है परंतु श्रद्धालु हवन कुंड में कैसे गिरा यह जानकारी सामने नहीं आ पाई है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया पुलिस की मदद से श्रद्धालु को कांगड़ा उप मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *