मुख्यमंत्री ने 24 स्टेट ऑफ द आर्ट वोल्वो बसों को झण्डी दिखाकर रवाना किया

Spaka News

हरित ऊर्जा क्षेत्र में देश के समक्ष आदर्श स्थापित करेगा हिमाचल: मुख्यमंत्री

शिमला || सुरजीत ठाकुर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को विश्व स्तरीय परिवहन सुविधाएं प्रदान करने और हिमाचल को ‘ग्रीन एनर्जी स्टेट’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री गत सायं सोलन के क्यारीघाट से 24 स्टेट ऑफ द आर्ट वोल्वो बसों को हरी झण्डी दिखाने के उपरांत एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम को और बेहतर बनाने के लिए गत दो वर्षों में प्रति वर्ष एक-एक हजार करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है ताकि लोगों को सुविधाजनक एवं आरामदायक परिवहन सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 500 डीजल बसें, 300 इलेक्ट्रिकल बसंे और लगभग 30 वोल्वो बसें क्रय की गई हैं। भविष्य में भी यातायात सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए 100 टैंपो ट्रेवलर खरीदे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम को हर माह 60 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाता है।

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में रेलवे तथा वायु परिवहन सुविधाएं अधिक न होने के कारण प्रदेश को यातायात के लिए मुख्यतः सड़कों पर निर्भर रहना पड़ता है तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें लोगों की आवाजाही का मुख्य साधन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और लोगों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम को और बेहतर बनाने के यथा सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। राज्य में हाईड्रोजन चलित बसों को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा से परिपूर्ण हिमाचल न केवल देश के लिए आदर्श स्थापित करेगा बल्कि वैकल्पिक आय स्त्रोतों के साथ हिमाचल की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीन हिमाचल के दृष्टिकोण से प्रदेश में अधिक से अधिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे जिस पर 110 करोड़ रुपये व्यय होंगे। इससे जहां हिमाचल का प्राकृतिक सौंदर्य बना रहेगा वहीं ग्रीन हिमाचल का सपना भी साकार होगा।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अपने 50 वर्ष पूरे किए हैं। निगम की यह बसें हिमाचल प्रदेश के लोगों की जीवन रेखाएं हैं जिसमें 4 से 5 लाख लोग प्रतिदिन सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को निगम के साथ सहयोग करना चाहिए और अपना साथी बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने डीजल की सवा दो सौ बसंे चलाई हैं। शीघ्र ही 250 नई बसें निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में सेवाएं दे रही हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को गत दो वर्षों में कई वित्तीय लाभ प्रदान किए हैं। कर्मचारियों को ओ.पी.एस. तथा रूके हुए भत्तों का लाभ दिया गया है। प्रदेश में आवश्यकतानुसार नए बस अड्डों का निर्माण किया जा रहा है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश में लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वोल्वो की इन बसों के संचालन के उपरांत प्रदेश की आय में बढ़ौतरी होगी तथा स्थानीय लोगों व पर्यटकों को आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चतर सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन एवं उद्योग आर.डी. नजीम, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल, डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति प्रो. राजेश्वर चंदेल, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


Spaka News

4 Comments

  1. Can you be more specific about the content of your article? After reading it, I still have some doubts. Hope you can help me.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *