मुख्यमंत्री ने द्वारका में हिमाचल निकेतन भवन की प्रगति की समीक्षा की…

Spaka News

अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली के द्वारका स्थित हिमाचल निकेतन का दौरा कर भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की, जिसका निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। उन्होंने निर्माण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को शेष फिनिशिंग कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इसे शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निकेतन भवन राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले प्रदेशवासियों, विशेषकर चिकित्सा उपचार और शिक्षा के उद्देश्य से दिल्ली आने वाले लोगों को आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि इस भवन में लगभग चार सितारा श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यह दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों के लिए एक महत्त्वपूर्ण सहायक केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि लगभग 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित किए जा रहे हिमाचल निकेतन में 107 कमरे, एक रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, दो बहुउद्देशीय हॉल, एक बैठक कक्ष और विद्यार्थियों के लिए डॉर्मिटरी की सुविधा होगी। परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, गार्डन, ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शेष कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरे किए जाएं तथा निर्माण में आवश्यक गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान तथा प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Spaka News