14 को घुमारवीं के निहारी में होगा राज्य स्तरीय वन महोत्सव, सीएम करेंगे शुभारंभ….

Spaka News

– वन विभाग ने 8 हजार हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण का रखा लक्ष्य
– इस बार विभिन्न प्रजातियों के रोपे जाएंगे 50 लाख पौधे
– पहली बार चिनार के पौधे रोपे जाने पर भी दिया जा रहा जोर


शिमला।
 इस बार राज्य स्तरीय वन महोत्सव 14 अगस्त को घुमारवीं के निहारी में आयोजित किया जाएगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। इस बात की जानकारी वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने दी। वन महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्कूली बच्चों के साथ-साथ वन संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को पौधे भी वितरित करेंगे। डा. संजय सूद ने वन महोत्सव का सफल आयोजन के लिए वन वृत्त बिलासपुर और वन मंडल बिलासपुर को सख्त निर्देश दिए। गौरतलब है कि डा. संजय सूद ने हाल ही में प्रदेश के सभी वन मंडलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक कर पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।  
डा. संजय सूद ने कहा कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने राज्य में 7 से 8 हजार हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से करीब 4 हजार हेक्टेयर भूमि पर राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत पौधे रोपे जाएंगे। बता दें कि इन दिनों यानी बरसात के मौसम में राज्य के भिन्न-भिन्न वन मंडलों में पौधरोपण अभियान जोरों पर चल रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों एवं संतुलित जलवायु के मुताबिक चिनार और अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे जा रहे हैं। विभाग ने वर्ष 2030 तक मिशन-32 यानी राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत तक बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है।

बाक्स:
जाइका परियोजना ने रखा 500 हेक्टेयर का लक्ष्य

जाइका वानिकी परियोजना ने इस बार 500 हेक्टेयर भूमि पर पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। बता दें कि जाइका वानिकी परियोजना ने 2018 से लेकर 2025 तक 8343 हेक्टेयर भूमि पर भिन्न-भिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर राज्य के 22 वन मंडलों में हरित क्रांति लोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हर वर्ष की भांति इस बार भी वानिकी परियोजना मिशन-32 के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता और विभागीय स्तर पर पौधे रोपने के लिए कार्य करेगी। गौरतलब है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत भी परियोजना ने पिछले साल 124 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपने में सफलता हासिल की।

कोट:
14 अगस्त को राज्य स्तरीय वन महोत्सव बिलासपुर वन मंडल के तहत घुमारवीं के निहारी में आयोजित किया जाएगा, जिसका शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने इस वर्ष 7 से 8 हजार हेक्टेयर पर चिनार सहित अन्य प्रजातियों के 50 लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है, जिसकी प्रक्रिया निरंतर जारी है। मिशन-32 यानी वर्ष 2030 तक प्रदेश में हरित आवरण में 32 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए वन विभाग के साथ-साथ जाइका वानिकी परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।  मैं प्रदेश की जनता से आहवान करना चाहता हूं कि इस अभियान में भरपूर सहयोग दें और वन संरक्षण में भी बहुमूल्य योगदान करें।
-डा. संजय सूद,
वन बल प्रमुख, हिमाचल प्रदेश। 


Spaka News