हिमाचल विधानसभा चुनाव: प्रियंका ने ऊना में भरी हुंकार भाजपा को बताया कर्मचारी और युवा विरोधी…

Avatar photo Vivek Sharma
Spaka News

शिमला, 07 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में भाजपा के स्टार प्रचारकों के लगातार बढ़ते दौरों के बीच कांग्रेस ने आज अपनी मुख्य स्टार प्रचारक व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को ऊना ज़िला में चुनाव प्रचार में उतारा। इस मौके पर कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए प्रियंका गांधी ने ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में चुनावी जनसभा में हुंकार भरी और भाजपा को कर्मचारी तथा युवा विरोधी करार दिया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और नेता प्रतिपक्ष मुकेश के साथ जिला ऊना के अन्य चारों विधानसभा सीटों से कांग्रेस के प्रत्याशी भी मौजूद रहे। जनसभा स्थल पर पहुंचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया।


जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव हर 5 साल के बाद आते हैं लेकिन वर्तमान चुनाव स्थानीय लोगों की दिशा और दशा निर्धारित करने वाला चुनाव है। उन्होंने पुरानी पेंशन स्कीम का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस शासित राज्य पुरानी पेंशन स्कीम दे रहे हैं तो फिर भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने में कैसी हिचकिचाहट।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार के समय में प्रदेश भर में बेरोजगारों की फौज बढ़ी है और करीब 30 लाख की आबादी वाले हिमाचल प्रदेश में 15 लाख युवा बेरोजगार हैं। प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले ही कैबिनेट में एक लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि हिमाचल का युवा रोजगार चाहता है, लेकिन उन्हें नशा और ड्रग्स दिया जा रहा है।


प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को इस राज्य के लोगों ने बनाया है और ऐसा उनकी दादी इंदिरा गांधी कहती थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बड़े नेता वाईएस परमार और वीरभद्र सिंह हुए और जो इसी मिट्टी से पैदा होकर देशभर में हिमाचल को गौरवान्वित करने में सक्षम रहे।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का जिक्र करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष होते हुए भी उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता की आवाज को सदैव बुलंद किया। दिन रात मेहनत करते हुए हिमाचल प्रदेश की जनता के मुद्दों को उठाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नौकरियों को बेचा गया है। कोविड-19 के दौर में यहां पर पीपीई किट घोटाला हुआ वहीं कुछ समय पूर्व ही हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती के नाम पर घोटाला हुआ। मौजूदा सरकार के घोटालों के कारण प्रदेश की जनता कई मुसीबतों से जूझ रही है। लेकिन अब समय आ गया है कि हिमाचल प्रदेश में सरकार को बदल कर हालात भी बदले जाएं।


Spaka News
Next Post

प्रियंका गांधी ने की मुकेश अग्निहोत्री के पांच साल के संघर्ष की तारीफ, तय कर गईं हिमाचल के भविष्य की सियासत

Spaka News मुकेश अग्निहोत्री ने दिखाई अपनी जमीनी ताकत, हजारों लोगों ने रैली में लिया भाग, प्रियंका गांधी भी हो गई गदगदहरोली : प्रियंका गांधी का हरोली का दौरा हिमाचल की सियासत को दिशा देने वाला रहा है। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री के पांच […]

You May Like