हिमाचल : जंगल में शिकार करने गए व्यक्ति की गोली लगने से मौत………..

Spaka News

पांवटा साहिब : पुलिस थाना पुरुवाला के तहत एक दर्दनाक घटना पेश आई है। यहां शिकार पर निकले दो लोगों में से एक शख्स खुद ही मौत का शिकार हो गया। बंदूक लेकर चल रहे व्यक्ति के अचानक पैर फिसलने के कारण गोली चल गई। जिस कारण एक की मौत हो गई है।  पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मिली जानकारी के मुताबिक डांडा आंज निवासी जालम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई अपने मामा के घर मेहमान गया हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका समधी यशवंत सिंह व छोटा भाई धर्म सिंह शाम करीब 6 बजे जंगल की तरफ शिकार करने निकल गए। यशवंत, धर्म सिंह के पीछे बंदूक कंधे पर लिए चल रहा था। कुछ दूरी पर अचानक ही यशवंत का पैर फिसल गया और बंदूक नीचे गिर गई। इस दौरान बंदूक से अचानक गोली चली गई। गोली सीधा जाकर धर्म सिंह की बाईं टांग के घुटने पर पीछे की ओर से लग गई। टांग से काफी खून बहने लगा था। यशवंत ने धर्म सिंह को कार के माध्यम से पांवटा  साहिब पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने धर्म सिंह को मृत घोषित कर दिया। 

शिकायतकर्ता ने यशवंत सिंह पर लापरवाही से बंदूक रखने के आरोप लगाए। साथ ही उसे छोटे भाई धर्म सिंह की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। यशवंत सिंह ने पुलिस में मामला दर्ज करवाकर उचित कार्रवाई की मांग की है। 

उधर पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 336 304 वह 25, 24, 59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Spaka News