हिमाचलः फंदे पर लटकी मिली नवविवाहिता, एक साल पहले हुई थी शादी, जाने पूरी खबर………

Spaka News

सिरमौरः हिमाचल प्रदेश में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की खबर सामाने आई है। मामला प्रदेश के सिरमौर जिले के तहत आते पुलिस थाना कालाअंब के मीरपुर का है। 

मृतका की पहचान शिवानी पत्नी संदीप निवासी मीरपुर के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक शिवानी की एक साल पहले मीरपुर निवासी संदीप से शादी हुई थी। यहां तक की उसकी दूसरी बहन की शादी भी इसी घर में हुई है। वह घर की ऊपरी मंजिल में रहती है। 

इस बीच किसी कारणवश बीते शनिवार को शिवनी ने दोपहर बाद घर के कमरे में अंदर से कुंड़ी लगाकर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस बीच घर के ही एक सदस्य ने जब शिवानी को फंदे से लटके देखा तो खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश कर उसे बचाने का प्रयास किया। परंतु उसे बचाया नहीं जा सका।

उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। 

वहीं, मायका पक्ष के लोगों को शक है कि शिवानी की गला घोंटकर हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस जांच के मुताबिक मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मौत की असल वजह का पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। 

वहीं, इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी योगेंद्र ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या को उकसाने का मामला आईपीसी की धारा-306 के तहत दर्ज किया गया है। मामले के संबंध में जल्द ही मृतक महिला के पति से पूछताछ की जाएगी।


Spaka News