छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर गए हिमाचल प्रदेश के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान की हथगोला फटने से मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जिले के कटेकल्याण थाना परिसर में हथगोला फटने से बीएसएफ के हवलदार बलबीर चंद की मृत्यु हो गई है। उन्होंने बताया कि कटेकल्याण थाना परिसर में विधानसभा चुनाव के लिए रुके बीएसएफ की 70वीं बटालियन के जवान रविवार को जब गश्त के लिए रवाना हो रहे थे तो हिमाचल प्रदेश के निवासी बलबीर चंद के पाऊच में रखा हथगोला फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को दंतेवाड़ा शहर के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना को लेकर मृतक जवान के परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है।










