Manali-Leh Bus Route : मनाली-लेह बस रूट बंद,हाईवे पर गिरीं चट्टानें, वाहन भी फंसे

Spaka News

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार रात भारी बारिश हुई है। नेहरू कुंड के पास भारी भूस्खलन से मनाली-लेह मार्ग बाधित हो गया है। पहाड़ी से नेशनल हाईवे तीन पर भारी भरकम चट्टानें गिर गईं। जिससे मनाली-लेह मार्ग पिछले करीब 15 घंटे से बंद चल रहा है।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। कई वाहन यहां रातभर फंसे रहे। गुरुवार सुबह बीआरओ ने सड़क बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। दोपहर तक सड़क के बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि जल्द ही भूस्खलन से बंद पड़े मनाली-लेह मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।

वहीं तीसरे दिन भी किन्नौर जिले में एनएच-5 पर यातायात पूरी तरह ठप है। मंगलवार को चौरा पुल के नजदीक पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानें गिरने से एनएच-5 बंद हो गया था जोकि अब तक बहाल नहीं हो पाया है। 

गुरुवार को भी सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सैकड़ों लोग फंसे रहे। मार्ग बहाल न होने से लोगों को मजबूरन लौटना पड़ रहा है। वहीं, परिवहन निगम यात्रियों को ट्रांसमिट कर भेज रहा है। मार्ग बंद होने से जनजातीय जिला किन्नौर का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। भारी-भरकम चट्टानों को ब्लास्टिंग से तोड़ने के कारण मार्ग बहाली में समय लग रहा है।


Spaka News