लड़की ने शादी से किया मना तो एकतरफा प्रेम में लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया,जाने पूरा मामला………

Spaka News

झारखंड के दुमका में फिर एक लड़की को पेट्रोल डालकर जलाने की खबर आई है। एक शादीशुदा युवक उससे जबर्दस्ती दूसरी शादी करना चाहता था, परिजनों के इनकार के बाद उसने युवती की हत्या का प्रयास किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

जरमुंडी के डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि लड़की को गंभीर रूप से झुलसी हालत में इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घटना जरमुंडी प्रखंड के भालकी गांव में हुई। आरोपी राजेश राउत ने नानी के साथ सो रही 19 साल की  मारुति कुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवती 70 फीसदी झुलस गई है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात युवती अपनी नानी के साथ सो रही थी। तभी आरोपी राजेश उनके घर में घुस गया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से घबराए परिजन उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां से उसे रांची भेज दिया गया। युवती ने बयान में कहा है कि राजेश राउत ने घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। वह उससे जबर्दस्ती शादी करना चाहता है। 

डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि आरोपी राजेश राउत पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ का रहने वाला है। इसी साल राजेश राउत की दूसरी लड़की से शादी हुई थी। इसके बाद भी वह घायल युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। 

स्नातक की तैयारी कर रही थी
युवती भालकी गांव में मामा के घर में रहकर स्नातक की तैयारी कर रही थी। 2021 में उसकी मुलाकात आरोपी राजेश से हुई थी। इसके बाद वह उससे दूसरी शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, इससे खफा होकर उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। 


Spaka News