हिमाचल: दुनिया को अलविदा कह कईयों को जिंदगी की सौगात दे गया 18 साल का ‘विशाल’…………….

Spaka News

हिमाचल प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े अस्‍पताल डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा में पहली बार अंगदान हो रहा है। प्रदेश में पहली बार ग्रीन कोरिडोर बनाया जा रहा है। ग्रीन कोरिडोर में ही टांडा अस्‍पताल से गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट तक अंग पहुंचाए जाएंगे। यह अंगदान उपमंडल नगरोटा बगवां के तहत पड़ते हटवास क्षेत्र के युवक विशाल के अंगों का होगा। 18 वर्षीय विशाल पुत्र हरनाम गत वीरवार रात को डाढ श्री चामुंडा के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर हालत में उसे टांडा पहुंचाया गया। सिर पर गहरी चोट होने के कारण विशाल को लुधियाना रेफर कर दिया। वहां के डाक्टरों ने स्वजनों को कहा विशाल का दिमाग डेड हो चुका है।

इसके बाद स्वजन शुक्रवार को विशाल को टांडा में ले आए हैं और अंगदान का निर्णय लिया है। टांडा में आइजीएमसी की टीम के साथ समन्वय बनाया गया है। टांडा में पीजीआइ की टीम की देखरेख में विशाल के अंगों को निकाला जाएगा। अंग निकालने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से गगल एयरपोर्ट से हाेते हुए पीजीआइ पहुंचाया जाएगा।

जैसे ही टांडा में अंग निकालने की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके साथ ही टांडा से लेकर गगल तक ग्रीन कोरिडोर बनाया जाएगा। ग्रीन कोरिडोर में तुरंत अंगों को गगल पहुंचाया जाएगा। विशेष एंबुलेंस से अंग गगल एयरपोर्ट पहुंचाए जाएंगे। जब यह एंबुलेंस टांडा से निकलने के लिए तैयार होगी तो टांडा से लेकर गगल तक पूरी ट्रैफिक को कुछ समय से लिए रोक दिया जाएगा। इस अवधि में कोई भी वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट मंडी पर नहीं चलेगा। गगल में विमान के माध्यम से अंगों को चंडीगढ़ एयरपोर्ट और वहां से पीजीआइ अस्‍पताल पहुंचाया जाएगा।


Spaka News