करोड़ों गबन कर फरार हुई हमीरपुर से फाइनांस कंपनी, पढ़े पूरी खबर

Spaka News

हमीरपुर: जिला हमीरपुर में जरयाल मोटर्स फेंस लिमिटेड नामक फाइनांस कंपनी पर करोड़ों रुपये का गबन करने का आरोप लगा है। कुछ दिन से कंपनी के गेट पर ताले लगे हैं। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि कंपनी संचालक विदेश फरार होने की फिराक में हो सकते हैैं। कार्यालय के गेट पर ताले लटकने से कंपनी में पैसा लगाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। इस सिलसिले में बुधवार को कुछ लोगों ने एसपी हमीरपुर को भी शिकायत पत्र सौंपा है, हालांकि दस्तावेज पूरा न होने पर एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने लोगों को रिकॉर्ड के साथ वीरवार को फिर कार्यालय में बुलाया है।

गौरतलब है कि करोड़ों रुपये के इस गबन में अभी तक कितने लोगों का पैसा लगा है यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। शिकायत के लिए एसपी कार्यलय पहुंचे लोगों के दस्तावेज पूरे न होने पर पुलिस की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है। ऐसे में पुलिस भी सावधानी के साथ इस मामले को हैंडल करना चाह रही है। शिकायत में मजबूत आधार और तथ्य होने के बाद ही पुलिस की तरफ से इसमें कार्रवाई अमल में लाई जा सकेगी।

लोगों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन से जुडे़ लोग विदेश भागने की फिराक में हैं। लोगों ने पुलिस से इन लोगों को विदेश भागने से रोकने की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता अनिल का कहना है कि उसने कंपनी में करीब 14 लाख इन्वेस्ट किए हैं। कंपनी का कार्यालय भी दो-तीन दिन से बंद है और संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी की सगाई थी इसलिए उन्हें पैसे चाहिए थे लेकिन अब कंपनी के मालिक और प्रबंधन से कोई संपर्क नहीं हो रहा है।

एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा से जब इस विषय पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि बुधवार को कुछ लोगों ने उनसे मुलाकात की है। फाइनेंस कंपनी को लेकर लोगों की तरफ से शिकायत तो दी गई है लेकिन दस्तावेज अधूरे होने पर उन्हें वीरवार को एक बार फिर कार्यालय में बुलाया है।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *