बदलाव के लिए तैयार असम, बनेगी कांग्रेस सरकार: मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री ने असम में किया धुआँधार प्रचार, कांग्रेस के लिए मांगे वोट…

Spaka News

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज असम में कई जगहों पर कांग्रेस पार्टी के लिए धुआँधार प्रचार किया। उन्होंने असम की जलेश्वर और सेंगा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और कांग्रेस पार्टी को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस बार बदलाव चाहती है और पिछले दस वर्षों की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा और असम की संपदा को लूटा गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार मामलों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में असम विकास की दौड़ में पिछड़ गया है और राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में अब तक की कार्रवाई से असम की जनता संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस को देशहित में काम करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के घोषणा-पत्र का ज़िक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर असम में अपना व्यवसाय शुरू करने वाली प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रुपये की पेंशन प्रदान की जाएगी, जिसके लिए एक अलग विभाग का गठन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक परिवार को इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी असम की जनता से किए हर वादे को निभाएगी।


Spaka News