कालाअंब में दुकानदार की आंखों में मिर्ची डालकर छीने 1.60 लाख रुपये, आरोपी फरार

Spaka News

सिरमौर : जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक दुकानदार से नगदी से भरा बैग छिनने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बलदेव सिंह निवासी रामपुर जट्टान रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी दुकान बंद करके मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह गांव के समीप पहुंचा, तो उसको एक अज्ञात व्यक्ति ने रुकने का इशारा किया। इस पर उसने अपनी मोटरसाइकिल रोक दी। तभी अचानक उस व्यक्ति ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया व मोटरसाइकिल को गिरा दिया।

मोटरसाइकिल के हैन्डल से लटका बैग उठाकर कुछ ही दूरी पर बाइक लेकर खड़े अन्य दो साथियों के साथ फरार हो गया। बैग में मोबाइल फोन व एक लाख 60 हज़ार की नगदी रखी हुई थी। इस संदर्भ में थाना कालाअंब में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। मामले की पुष्टि एसएचओ कालाअंब मोहर सिंह ने की है।


Spaka News