हिमाचल : महिला पर कुल्हाड़ी से हमला वीडियो वायरल, जिसने भी देखा सहम गया, जाने पूरी खबर

Spaka News

उपमंडल रामपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत डंसा के नोगीधार गांव में दिल दहलाने वाला एक मामला घटित हुआ है। यहां क्रिकेट खेलने को लेकर एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला काे सिर पर चोट आई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार यह मामला रामपुर के नोगीधार का है। पुलिस के अनुसार तमैसू ढांक पर स्थित खेल मैदान में क्षेत्र के युवक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे थे। इस दौरान युवकों ने महिला मंडल की प्रधान को प्रतियोगिता के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया था। इस दौरान यह मामला घटित हुआ है।

बताया गया है कि इस जमीन पर धार गांव के सेवक राम का कब्जा है। सेवक राम लंबे समय से बच्चों को इस जमीन पर क्रिकेट खेलने से रोक रहा था। इसी बीच धार गांव की महिला मंडल प्रधान और सचिव बच्चों के पक्ष में तमैसू पहुंचीं। जब महिलाएं बच्चों के समर्थन में सेवक राम के साथ बात करने लगीं तो उसने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना को एक युवक ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया जोकि अब वायरल हो गई है।

इस वीडियो में महिलाओं ने सेवक राम को समझाने का प्रयास किया लेकिन सेवक राम ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया। कुल्हाड़ी के वार से महिला मंडल धार की सचिव नारा देवी के सिर पर गंभीर चोटें पहुंची हैं। इसके अलावा महिला मंडल प्रधान राम प्यारी को भी मामूली चोट आई है। घायलावस्था में नारा देवी पत्नी कुलदीप ठाकुर को महात्मा गांधी अस्पताल रामपुर बुशहर लाया गया, जहां से उसे आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है। डीएसपी रामपुर बुशहर चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि धारा 340 व 323 के तहत मामला दर्ज आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं घायल महिला की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की रिपोर्ट के बाद ही अन्य धाराओं को जोड़ा जाएगा।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *