हिमाचलः जेब में चरस छिपाकर छापा मारने पहुंची पुलिस, जमकर हंगामा, जाने पूरी खबर……………..

Spaka News

सुंदरनगर के वार्ड-एक में मादक पदार्थों की खेप आने की गुप्त सूचना पर एक घर में छापा मारने पहुंची मंडी से पुलिस की विशेष जांच टीम खुद ही फंस गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीम में शामिल हवलदार अपनी जेेब में चरस छिपाकर छापा मारने पहुंच गया। 

 मंडी जिले के सुंदरनगर शहर में पुलिस ने एक घर में छापेमारी की लेकिन यह छापेमारी खुद पुलिस पर ही भारी पड़ गई। नगर परिषद सुंदरनगर के वार्ड नंबर-1 में बुधवार को यह वाकया पेश आया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस खुद ही चरस लेकर आई थी जिससे युवक को फंसाया जाना था लेकिन समय पर स्थानीय लोगों ने एक पुलिस कर्मी की तलाशी ली और उसकी जेब से चरस बरामद हुई। इसके बाद लोगों ने हंगामा कर दिया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सुंदरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक नशीला पदार्थ बेचता है और उसके पास नशे की खेप पहुंची है। इसके बाद मंडी से 5 सदस्यीय विशेष जांच टीम बुधवार सुबह वार्ड पार्षद व कुछ अन्य लोगों को लेकर युवक के घर तलाशी लेने पहुंच गई।

पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और टीम को घर के अंदर जाने से रोक दिया। लोगों ने कहा कि हो सकता है कि पुलिस युवक को झूठे केस में फंसाने के लिए खुद अंदर जाकर नशे की खेप रख दे। इसलिए लोगों ने पुलिस टीम की तलाशी लेने के बाद ही प्रवेश करने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम की तलाशी ली जाने लगी, तभी बाहर से एक पुलिस कर्मचारी जब घर के अंदर जाने लगा तो लोगों ने उसकी तलाशी ली।

आरोप है कि उसकी जेब से 2 से 3 ग्राम चरस मिली। इसी दौरान पुलिस कर्मी ने चरस झाड़ियों में फैंक दी, जिसे बाद में स्थानीय लोगों ने बरामद कर लिया। परिवार के सदस्यों व उनके रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस झूठे मामले में उनके बेटे को फंसाना चाहती है। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर गए पुलिस कर्मियों को भी बाहर निकाल दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नशे की खेप होने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस की विशेष जांच टीम मौके पर गई थी। वहां हुए घटनाक्रम को लेकर रिपोर्ट तलब की गई है।


Spaka News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *