कांगड़ा में आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया, 8 साल के बेटे सहित मां ने निगला जहर,जाने पूरा मामला

Spaka News

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मां ने अपने 8 साल के बच्चे के साथ जहर का सेवन कर लिया। जहर खाने से मां की मौत हो गई है, जबकि बेटे को टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। 

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक महिला ने अपने बेटे के साथ जहर का सेवन कर लिया। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची। मृतक महिला की पहचान शिव रजनी (35) पत्नी भाग सिंह निवासी नौरी के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में मृतक महिला के ससुर ने बताया कि सुबह बहू अपना खाना अपने कमरे में ले गई थी, 8 साल के पोते को भी अपने साथ ले गई थी। उन्होंने बताया कि उसके बाद वह खुद घर के छत पर काम करने के लिए चला गया। करीब 2 घंटे बाद वह जब नीचे आया तो उसने देखा कि बहू और पोता दोनों अचेत अवस्था में पड़े हुए है। उन्होंने तुरंत ही एक प्राइवेट डॉक्टर को घर बुलाया। डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि 8 साल के पुत्र अंशु को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर कर दिया गया है, जहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।


Spaka News