राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा लघु फिल्म प्रतिस्पर्धा के लिए आवेदन आमंत्रित..

Spaka News

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग नई दिल्ली द्वारा मानव अधिकार विषय पर आधारित लघु फिल्म प्रतिस्पर्धा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस प्रतिस्पर्धा का उद्देश्य मानव अधिकार सुरक्षा और प्रोत्साहन की दिशा में लोगों को जागरूक करना है।  
सभी आयु वर्ग के नागरिक गूगल ड्राइव के माध्यम से nhrcshortfilms@gmail.com पर अपनी एंट्री 30 जून, 2026 तक ऑनलाइन भेज सकते हैं। इसके तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त ज्यूरी द्वारा अनुमोदन के उपरांत अधिकतम 4 फिल्मों को 3 नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी व ‘सर्टिफिकेट ऑफ स्पेशल मेंशन’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें अधिकतम नकद पुरस्कार 50 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
लघु फिल्म हिन्दी अथवा किसी अन्य भारतीय भाषा में इंग्लिश सब टाइटल में निर्मित होनी चाहिए। फिल्म की अवधि न्यूनतम 3 मिनट और अधिकतम 10 मिनट होनी चाहिए। इस प्रतिस्पर्धा के लिए किसी प्रकार की एंट्री फीस नहीं है और आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किये जाएंगे। प्रत्येक लघु फिल्म में निर्माता, लेखक और निर्देशक के नाम की जानकारी होनी चाहिए।
 इस प्रतिस्पर्धा के तहत भाग लेने वाले आवेदक को भारत सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र जैसे- आधार कार्ड, वोटर पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि को सम्मिलित करना आवश्यक होगा। सामाजिक आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों पर केंद्रित वास्तविक और फिक्शन आधारित लघु फिल्म आवेदक द्वारा प्रेषित की जा सकती है। आवेदन पत्र और दिशा निर्देशों की जानकारी https://nhrc.nic.in और https://nhrc.nic.in//flipbook/files/255 से प्राप्त की जा सकती है।


Spaka News