शिमला । सुरजीत ठाकुर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून की रात को आई आपदा से बने हालातों के मद्देनजर औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग में विद्यार्थियों की कक्षाएं जारी रखना संभव नहीं है। इस महाविद्यालय में लगभग 300 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से इस संबंध में गहन विचार-विमर्श किया गया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर आपबीती सुनाई है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया कि औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग की कक्षाएं अब सुंदरनगर में लगाई जाएंगी। यह वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है क्यांेकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
मंत्री ने कहा कि औद्यानिकी एवं वानिकी विवि नौणी को सुंदरनगर में लोकेशन की पहचान कर तुरंत प्रभाव से कक्षाएं शरू करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आपदा के कारण बच्चों की पढ़ाई को हुए नुकसान को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं के लिए उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए 14 जुलाई तक छुट्टियां घोषित की गई हैं।
जगत सिंह नेगी ने कहा आपदा में थुनाग महाविद्यालय के विद्यार्थी बाल-बाल बचे। पूर्व सरकार ने अधोसंरचना तैयार किए बिना थुनाग में कक्षाएं शुरू कर दीं और ज्यादातर विद्यार्थी पी.जी में रह रहे थे। थुनाग महाविद्यालय में नए सत्र के लिए 100 विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया भी जारी है। उनकी पढ़ाई में व्यवधान न हो, इसलिए ये कक्षाएं भी सुंदरनगर में लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2023 में 10 हजार करोड़ रुपये आपदा उपरांत आवश्यकता आकलन किया गया। केंद्र ने दो साल बाद सिर्फ 2006 करोड़ रुपये की राशि जारी की है जिसमें 25 फीसदी हिस्सा प्रदेश सरकार को जमा करना है। उन्होंने कहा कि 2024 में भी मानसून में भारी क्षति हुई है लेकिन केंद्र ने अभी तक कोई सहायता नहीं की है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल से हैं और केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री भी। उन्हें और चारों भाजपा सांसदों को प्रदेश के हितों के लिए केंद्र सरकार के समक्ष आवाज उठानी चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ दिल्ली जाने के लिए सहमत हो गए हैं। केंद्र सरकार के समक्ष वे प्रदेश के हितों के लिए अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे जिससे आपदा प्रभावितों के पुर्नवास में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने 2023 में ही यह हामी भरी होती तो शायद प्रदेश को पूरी राहत राशि मिलती।
मंत्री ने कहा कि मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत पर तंज कसते हुए कहा कि नदी-नालों से गुजरकर आपदा प्रभावित परिवारों तक पहुंचना, उनका दुःख दर्द बांटना और जनसेवा करना अभिनेत्री के बस का काम नहीं है वे सिर्फ बॉलीवुड में ही काम कर सकती हैं जहां मंच सजा होता है, मेकअप मैन है, डायलॉग राइटर ने डायलॉग तक लिख कर दिए होते हैं।










Thank you for your sharing. I am worried that I lack creative ideas. It is your article that makes me full of hope. Thank you. But, I have a question, can you help me? https://accounts.binance.info/zh-CN/register-person?ref=WFZUU6SI