हिमाचल: जाली पार्टनशिप डीड तैयार कर हड़पा मुनाफा, जाली हस्ताक्षर भी किए

Spaka News

सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में जाली पार्टनरशिप डीड तैयार कर मुनाफा हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने शातिराना अंदाज में सांझा पत्र विलेख के साथ उस पर फर्जी हस्ताक्षर कर दिए, जिसकी रिजॉर्ट के मालिक को भनक तक नहीं लगी। जब मालिक को पता चला तो इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रिजॉर्ट के मालिक अश्विनी कुमार गोयल निवासी माजरा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह दिल्ली में रहते हैं और विजेश गोयल और नीरज गोयल उनके रिजॉर्ट की देखरेख और लेन-देन का काम करते हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार विजेश गोयल, नीरज गोयल, नीरज गुप्ता, अनिल कुमार सरीन, विजय गुप्ता, रजनी गुप्ता और निखिल सरीन ने मिलकर एक फर्जी पार्टनरशिप डीड तैयार की। आरोपियों ने इसमें अश्विनी गोयल के जाली हस्ताक्षर भी कर दिए। उसके बाद रिजॉर्ट का सारा मुनाफा खुद के नाम करने लगे। इस बारे पता चलने पर इसकी शिकायत पुलिस में की गई। डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 120 बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Spaka News