मुख्यमंत्री ने राजस्थान सरकार से दुर्घटना में घायलों को उचित उपचार सुविधा प्रदान करने का आग्रह किया

Spaka News

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गत सायं राजस्थान के जिला दौसा में भारत जोड़ो यात्रा से वापिस आते समय हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहन की दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान सरकार से संपर्क कर सभी घायल व्यक्तियों को शीघ्र उचित उपचार एवं सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने राजस्थान सरकार के संबंधित मंत्री से घायलों को समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करवाने का भी आग्रह किया।

उन्होंने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर से दूरभाष के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम जाना और सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सभी कार्यकर्ता ठीक हैं।

गौरतलब है कि गत सायं राजस्थान के जिला दौसा में भारत जोड़ो यात्रा से वापिस आते समय हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक छोटा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना में राजस्थान के तीन व्यक्तियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और ईश्वर से मृतकों की आत्मिक शांति और इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।


Spaka News