हिमाचल : करवाचौथ के दिन पति-पत्नी ने एक साथ त्यागे प्राण, एक ही चिता पर किया अंतिम संस्कार………

Spaka News

इंसान जब शादी के बंधन में बंधता है तो दोनों जीवनभर साथ निभाने व हर सुख-दुख में साथ रहने की कसम खाते हैं लेकिन ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है, जहां पर अपने जीवन साथी की जीवनलीला समाप्त होती देख दूसरा भी अपने प्राण त्याग कर प्रभु चरणों में विलीन हो जाए। ऐसा ही मामला विधानसभा क्षेत्र हरोली के गांव पंडोगा में सामने आया, जहां पर पति की मौत के बाद पत्नी की भी मौत हो गई। पंडोगा के पूर्व पंचायत समिति सदस्य अमित ठाकुर ने बताया कि उनके ताया व ताई की चंद मिनटों में ही आकस्मिक मौत हो गई। 74 वर्षीय सूरम सिंह पंजाब बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त होकर अपनी पत्नी 71 वर्षीय कमला देवी व अपने बच्चों संग जीवन व्यतीत कर रहे थे।

अमित ठाकुर ने बताया कि बुधवार रात लगभग 1 बजे सूरम सिंह ने अपनी पत्नी को कहा कि तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही, जिसके बाद उनकी पत्नी ने बेटे को उठाया लेकिन तब तक सूरम सिंह ने अपने प्राण त्याग दिए। तभी सामने खड़ी उनकी पत्नी अपने पति की हालत को देखकर बेहोश हो गई। उन्हें उपचार हेतु घरवाले लेकर गए लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी। वीरवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।


Spaka News